दिनदहाड़े गोलीबारी से दहला धार गौरा, युवक बाल-बाल बचा; आरोपी हिरासत में

रामपुर बुशहर,23 फरवरी मीनाक्षी

रामपुर बुशहर उपमंडल के ग्राम पंचायत धार गौरा क्षेत्र के डोईगाड में रविवार, 22 फरवरी को दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोली चलाने वाला आरोपी सुरेश शर्मा, गाँव फुन्जा का निवासी बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित की पहचान राजेश डोगरा निवासी फनोटी डोभी के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले सुबह के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पीड़ित राजेश डोगरा का आरोप है कि बहस के दौरान सुरेश शर्मा ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद जब राजेश डोगरा ने आरोपी को पिस्टल के साथ देखा तो वह डरकर मौके से भागने लगा। इसी दौरान आरोपी ने पीछे से उस पर फायरिंग कर दी।
गोली राजेश डोगरा के सिर को छूते हुए निकल गई और पास में खड़ी एक गाड़ी के शीशे से जा टकराई। गनीमत यह रही कि राजेश डोगरा इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल फैल गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा गोली चलाने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *