बालीधार-शान्दल मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, तीन की मौत, तीन घायल


रामपुर बुशहर,27 फरवरी मीनाक्षी

उपमंडल रामपुर के अंतर्गत बालीधार के समीप शान्दल मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार नामक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 78760-30499 से थाना रामपुर में फोन कर सूचना दी कि बालीधार के पास शान्दल मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार वाहन में कुल छह लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान कपील देव निवासी गांव चिकसा, उर्मिला देवी निवासी गांव मझाली तथा दशोदा देवी निवासी गांव मझाली के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में जुट गए। खाई गहरी होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *