रामपुर बुशहर, 27 फरवरी मीनाक्षी
उपमंडल रामपुर के अंतर्गत बालीधार के समीप शान्दल मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना दिनेश कुमार नामक व्यक्ति ने मोबाइल के माध्यम से थाना रामपुर को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
प्रभारी थाना रामपुर ने मौके पर पहुंचकर टणपोणी क्षेत्र में घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। सड़क से लगभग 200 से 250 मीटर नीचे एक बोलेरो कैंपर (एचपी-92-3945) गिरी हुई क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई, जिसमें आग भी लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे।
दुर्घटना में चालक कपिल देव (41 वर्ष) पुत्र भगत राम, निवासी गांव चिकसा, डाकघर देवठी, तहसील रामपुर; पुष्पा देवी (67 वर्ष) पत्नी विशेषर लाल, निवासी गांव मझाली, डाकघर देवठी; तथा उर्मिला देवी (40 वर्ष) पुत्री सोहन लाल, निवासी गांव मझाली की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीनों शव आग से झुलसे हुए पाए गए।
हादसे में राकेश कुमार (39 वर्ष) पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव चिकसा तथा लीला देवी (41 वर्ष) निवासी चिकसा घायल हुए हैं। घायल महिला को पहले ही उपचार के लिए अस्पताल रामपुर भेज दिया गया था।
स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों शवों को गहरी खाई से सड़क तक लाया गया और एंबुलेंस व सरकारी वाहन के माध्यम से अस्पताल रामपुर भेजा गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

