मछाड़ा खड्ड में नहाते समय युवक डूबा, NDRF टीम को तलाश के लिए बुलाया गया

रामपुर बुशहर, 6 मार्च मीनाक्षी 

शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के अंतर्गत मछाड़ा खड्ड के पास बद्रश इलाके में एक युवक के डूबने की दुखद घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक रॉयल (34) पुत्र  जगदीश रॉयल, निवासी वीपीओ जरोल, उप तहसील कोटगढ़, जिला शिमला अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ दिन के समय मछाड़ा खड्ड में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते खड्ड के तेज बहाव में डूब गया।

घटना के समय उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। खड्ड में पानी का स्तर और बहाव अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी कठिनाई आ रही है।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी सूचना दे दी है। NDRF की टीम द्वारा विशेष उपकरणों के साथ युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *