रामपुर बुशैहर ,6 मार्च मीनाक्षी
रामपुर के भगवती होटल के पास सतलुज नदी के किनारे एक 34 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान संदीप कुमार (पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव जखोली, कलायत, जिला कैथल, हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खनेरी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि भगवती होटल के पास एक व्यक्ति नदी की तरफ गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, ASI जनक राज और सिटी पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी यशपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय पूर्व पार्षद प्रीति कश्यप को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने देखा कि पत्थरों के बीच एक युवक घायल अवस्था में पड़ा था, जिसके सिर पर गहरी चोटें थीं और नाक व कान से खून बह रहा था।
तलाशी में मिले चौंकाने वाले सुराग
पुलिस द्वारा की गई जामा तलाशी और घटनास्थल के निरीक्षण में कई संदिग्ध चीजें बरामद हुईं:
- संदिग्ध पाउडर: मृतक के दाहिने पैर का जूता निकला हुआ था। जब पुलिस ने उसकी पहनी हुई जुराब की तलाशी ली, तो उसमें से एक पारदर्शी लिफाफे में ‘पाउडर नुमा पदार्थ’ बरामद हुआ। पुलिस ने इसे 5 मोहरों के साथ सील कर कब्जे में ले लिया है।
- तीन अलग-अलग मोबाइल: मृतक की जेब से एक काला Redmi मोबाइल मिला। शव के पास ही पत्थरों में एक छोटा iPhone बरामद हुआ। वहीं, ऊपर सड़क पर भगवती होटल के पास (जहां से युवक के गिरने का अंदेशा है), एक ‘iPhone-17’ भी पड़ा हुआ मिला।
- अन्य सामान: मृतक के पर्स से उसका आधार कार्ड, 11,250 रुपये नकद, और 2 मार्च 2026 की एक बस टिकट बरामद हुई। शव के पास से PUMA कंपनी का एक जूता भी मिला है।
आगामी कार्यवाही
फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की मदद से शव को सतलुज के किनारे से निकालकर सड़क तक लाया गया और सरकारी गाड़ी से MGMSC खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मेडिकल ऑफिसर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे SDPO ने स्थिति का जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हरियाणा में फोन द्वारा सूचित कर दिया है और वे रामपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद ही नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

