रामपुर में 25वां आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट शुरू, पहले दिन रोमांचक मुकाबले एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर व रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास  मारवाह भी रहे मौजूद 

रामपुर बुशहर,24 मार्च मीनाक्षी 

एसजेवीएन द्वारा रामपुर जलविद्युत स्टेशन (एचपीएस) में 25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल टीम-वर्क और संगठनात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।

निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए स्वस्थ कार्यबल को बेहतर उत्पादकता की कुंजी बताया। वहीं निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करते हैं, जिससे उनके कार्य प्रदर्शन में भी सुधार होता है।

टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने पीएससीबी का ध्वज फहराकर किया। इस अवसर पर एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर सहित विभिन्न परियोजनाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (पीएससीबी) के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में विद्युत मंत्रालय, एनएचपीसी, पावरग्रिड, सीईए, आरईसी, टीएचडीसी, बीबीएमबी और मेजबान टीम एसजेवीएन सहित कई प्रमुख केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद हिमाचली संस्कृति की झलक पेश करती पहाड़ी नाटी ने दर्शकों का मन मोह लिया। सभी टीमों ने आकर्षक मार्च-पास्ट में हिस्सा लिया। आयोजन में स्थानीय महिला मंडलों को भी अपने पारंपरिक उत्पाद और व्यंजन प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया, जिससे क्षेत्रीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला।

टूर्नामेंट के पहले दिन चार लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में एसजेवीएन ने सीईए को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में एनएचपीसी ने आरईसी पर जीत दर्ज की। तीसरे मैच में पीजीसीआईएल ने टीएचडीसी को मात दी, वहीं चौथे मुकाबले में बीबीएमबी ने विद्युत मंत्रालय को पराजित किया।

तीन दिवसीय यह टूर्नामेंट 26 मार्च को संपन्न होगा।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर :  मुख्यातिथि खिलाड़ियों से मिलते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *