रामपुर बुशहर,17 मार्च मीनाक्षी
एसजेवीएन फाउंडेशन के तत्वावधान में सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 द्वारा प्रभावित ग्राम पंचायत गडे़ज एवं दत्तनगर की जनता के लिए 16 मार्च 2026 को एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हेल्पएज इंडिया के माध्यम से पंचायत कार्यालय परिसर, बायल में आयोजित किया गया।
शिविर में स्त्री रोग, ईएनटी (कान, नाक एवं गला), हड्डी रोग, नेत्र रोग तथा सामान्य चिकित्सा से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुभवी टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वे इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने भविष्य में भी प्रभावित क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क शिविर आयोजित करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में कुल 240 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान सीएसआर विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक, सहायक प्रबंधक सहित परियोजना के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके अलावा, प्रभावित ग्राम पंचायत देहरा और निथर के लिए 21 मार्च 2026 को एचपीपीडब्ल्यूडी विश्राम गृह, निथर में तथा ग्राम पंचायत निरथ और शमाथला के लिए 27 मार्च 2026 को परियोजना कार्यालय बिथल में भी इसी प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : स्वास्थ्य शिविर में भाग लेते हुए ग्रामीण।

