शिमला में सनसनी: भाई ने ही ली भाई की जान, झाकड़ी में संदिग्ध शव मामले का खुलासा

रामपुर बुशहर,31 मार्च मीनाक्षी

जिला शिमला के झाकड़ी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। मामले में मृतक के सगे भाई को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत पाया गया। मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35 वर्ष), निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर और मुंह के पास चोटों तथा खून के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 24/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल का निरीक्षण एसएफएसएल (SFSL) टीम की मौजूदगी में किया गया और मौके से अहम साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CH) सराहन भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच के दौरान मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने भाई के साथ शराब पीने के बाद पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने खबर की पुष्टि की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *