सर्वपल्ली बीएड-एमएड संस्थान नोगली में मनाया गया विश्व जल दिवस, भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

रामपुर बुशहर ,20 मार्च मीनाक्षी


नोगली स्थित सर्वपल्ली बी0 एड0/एम0 एड0 संस्थान में 22 मार्च को विश्व जल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दिवस का उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छ पानी के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना है। वर्ष 2026 की थीम “जल और लैंगिक समानता” रखी गई है।
इस अवसर पर संस्थान में हाउस वाइज भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक हाउस से दो-दो प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों में अर्जुन सदन के दुनी चंद और एकलव्य सदन की वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, गौतम बुद्धा सदन के लुकेश कुमार द्वितीय और कौटिल्य सदन के अक्षय तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में जल संकट और भी गंभीर हो सकता है। उन्होंने सभी से पानी की हर बूंद को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों की जल प्रबंधन में भागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि देश और दुनिया में जल संकट एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, जिसमें पीने के पानी की कमी, भूजल स्तर में गिरावट और जल प्रदूषण जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा जल जीवन मिशन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि बड़े शहरों में जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण के लिए नई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *