सीआईएसएफ ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में शूरवीरों को दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 23 अक्टूबर

केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने शूरवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 23 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) में एक भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया।

समारोह के दौरान सीआईएसएफ के 127 शूरवीरों को पुष्पांजलि अर्पित की गई, उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। इस अवसर पर बल के पाँच शूरवीरों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इनमें शामिल थे —

  1. प्रधान आरक्षक/जीडी बी. बी. मांझी (ओडिशा)
  2. आरक्षक/जीडी पोटुपुरेड्डी अप्पन्ना (आंध्र प्रदेश)
  3. सहायक उप निरीक्षक/का. राजेंद्र प्रसाद (राजस्थान)
  4. प्रधान आरक्षक/जीडी अखिलेश्वर पी. यादव (बिहार)
  5. प्रधान आरक्षक/जीडी एस. डी. पाटिल (महाराष्ट्र)

सुबह के सत्र में श्रीमती बिनीता ठाकुर, अपर महानिदेशक (एपीएस) ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक की केंद्रीय शिल्पाकृति पर पुष्पांजलि अर्पित की। शूरवीरों के परिवारों ने ‘शौर्य दीवार’ (Wall of Valour) और पुलिस संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्हें सीआईएसएफ के शूरवीरों की वीरता पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र भी दिखाया गया।

इसके पश्चात आयोजित भावनात्मक सम्मान समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने शूरवीरों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।

दोपहर के सत्र में, महानिदेशक श्री प्रवीर रंजन ने सीआईएसएफ मुख्यालय में स्मृति समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने शूरवीरों के परिवारों को सम्मानित किया और कर्तव्य एवं बलिदान के प्रति बल की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

दिनभर चले इस आयोजन का समापन ओपन-एयर फिल्म स्क्रीनिंग, रिट्रीट समारोह और सीआईएसएफ बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर दिल्ली-एनसीआर की विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मी तथा लगभग 200 परिवारों ने भाग लिया।

— श्री कौशलेन्द्र सिंह
(उप कमांडेंट)
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, इकाई एसजेवीएनएल, झाकड़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *