हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला: गैस सिलिंडर शिकायत के लिए शुरू हुआ टोल-फ्री नंबर 1967, अब एक कॉल पर दर्ज होगी गैस से जुड़ी शिकायत

 

शिमला,7 अप्रैल 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाते हुए रसोई गैस सिलिंडर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए टोल-फ्री नंबर 1967 जारी किया है। अब लोग किसी भी शिकायत या परेशानी के लिए सीधे इस नंबर पर संपर्क कर सकेंगे।

 शिमला में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया निर्णय

यह निर्णय शिमला में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया। बैठक की अध्यक्षता विभाग के निदेशक कुमुद सिंह ने की, जिसमें गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

 कालाबाजारी पर सख्ती, 85 सिलिंडर जब्त

विभाग ने गैस की कालाबाजारी और गलत इस्तेमाल पर सख्ती बढ़ा दी है। हाल ही में किए गए 2000 से अधिक निरीक्षणों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 85 गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं।

 पेट्रोल-डीजल जमाखोरी पर भी नजर

गैस के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की जमाखोरी रोकने के लिए भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत न हो।

 अब OTP से मिलेगा गैस सिलिंडर

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब गैस सिलिंडर केवल ऑनलाइन बुकिंग और OTP सत्यापन के बाद ही दिए जा रहे हैं, जिससे फर्जी वितरण पर रोक लगेगी।

 प्रवासी मजदूरों के लिए विशेष सुविधा

सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 5 किलो के छोटे गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था भी की है।

अधिकारियों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में गैस और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *