ग्राम पंचायत प्रधान खोलीघाट अनिता को महिला दिवस पर तीसरी बार नेशनल अवार्ड से किया सम्मानित 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री के कर कमलों से दिया गया सम्मान 

रामपुर बुशहर,9 मार्च मीनाक्षी 

ग्राम पंचायत खोलीघाट की प्रधान अनिता को नेशनल वुमेन्स एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें महिला दिवस के शुभ अवसर पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामदास आठवले, जो वर्तमान में भारत सरकार में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री हैं, और पूर्व में तीन राज्यों की राज्यपाल रह चुकीं डॉ. कमला ताई ने संयुक्त रूप से अनिता को यह सम्मान दिया।

यह पुरस्कार अनिता को महिला सशक्तिकरण, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने, महिलाओं को जागरूक करने, ग्राम पंचायत में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने, और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पंचायत के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया है। उनके प्रयासों से खोलीघाट पंचायत की महिलाओं को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने का मंच मिला और वे पंचायत के हर निर्णय में सक्रिय भागीदारी निभाने लगीं।

यह तीसरा राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर अनिता ने अपनी सफलता का श्रेय खोलीघाट की समस्त जनता व विशेष रूप से महिलाओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व की बात है और वे आगे भी इसी तरह महिलाओं के हित में कार्य करती रहेंगी।

अनिता की इस उपलब्धि से न केवल खोलीघाट, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनके प्रयासों से प्रेरित होकर अन्य पंचायतें भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही हैं।

फोटो कैप्शन

रामपुर बुशहर : अनिता सम्मानित करते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *