प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों तक घर-घर पहुंचाई सहायता
रामपुर बुशहर,14 सितंबर मीनाक्षी
सेवा भारती द्वारा प्रदेश के बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। सेवा भारती के कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से दिन-रात मेहनत कर आपदा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुँचा रहे हैं।
सेवा भारती ने हाल ही में कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल में व्यापक राहत अभियान चलाया, जिसमें बरसात से प्रभावित सैकड़ों परिवारों को घर-घर जाकर सहायता प्रदान की गई। वितरित की गई राहत सामग्री में खाद्य सामग्री, बर्तन, कपड़े, गद्दे, कम्बल, चादरें, गैस चूल्हे और बिछौने शामिल थे।
इसके अतिरिक्त, सेवा भारती ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन लंगर और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी आरंभ की हैं, जिससे संकट की घड़ी में लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।
इस सेवा कार्य का नेतृत्व सेवा भारती जिला इकाई रामपुर बुशहर द्वारा किया गया। इस अवसर पर सेवा भारती आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रांत प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार, जिला अध्यक्ष उमादत्त, महासचिव यशपाल शर्मा और सेवा भारती की संपूर्ण टीम ने एकजुट होकर प्रभावित लोगों की सहायता की।
राहत कार्यों के दौरान नगर पंचायत निरमंड, ग्राम पंचायत बड़ीधार, ग्राम पंचायत नोर, ग्राम पंचायत घाटू, ग्राम पंचायत राहनू, चाटी व जगातखाना के सैकड़ों प्रभावितों से मुलाकात की गई और उनका दु:ख-दर्द बांटते हुए आवश्यक सामग्री सौंपी गई।
सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने सिर्फ राहत सामग्री वितरित नहीं की, बल्कि पीड़ितों के मनोबल को भी संबल प्रदान किया। वे न केवल सहायता पहुँचा रहे हैं, बल्कि लोगों के दु:ख को समझकर उन्हें फिर से जीवन की ओर लौटने का हौसला भी दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में सेवा भारती की टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कोई भी पीड़ित परिवार सहायता से वंचित न रह जाए।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करते हुए कार्यकर्ता।