लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 में हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

बायल परिसर में परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने किया ध्वजारोहण, कर्मचारियों व परिवारजनों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम

रामपुर बुशहर, 15 अगस्त अरूण गुप्ता

लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 के बायल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ परियोजना प्रमुख  विवेक शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना योगदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ध्वजारोहण के बाद परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों, हिम्पैस्को एवं अनुबंध कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया। अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण करवाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि लूहरी जलविद्युत परियोजना राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और परियोजना द्वारा इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने परियोजना की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रगति से भी उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। समारोह के दौरान परियोजना के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं कविताओं सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जज्बा भर दिया और सभी को भावविभोर कर दिया।

लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 का संचालन सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) द्वारा किया जा रहा है। यह हिमाचल प्रदेश की प्रमुख ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है और आगामी वर्षों में प्रदेश व राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं तथा विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की दिशा में अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *