कियाओ-कूट-किफी मार्ग पर यातायात बंद, स्थानीय लोगों की बढ़ी मुश्किलें
रामपुर बुशहर,31 अगस्त मीनाक्षी
क्षेत्र में लगातार बढ़े पानी के बहाव ने एक बार फिर कुदरत की ताकत का एहसास करा दिया है। पानी के तेज बहाव के कारण सड़क पर बने कलवर्ट बह गए, जिसके चलते कियाओ-कूट-किफी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। मार्ग के बाधित होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि पानी का बहाव अचानक इतना अधिक बढ़ गया कि सड़क के नीचे लगाए गए कलवर्ट तेज बहाव का दबाव सहन नहीं कर सके। पानी के साथ कलवर्ट बह जाने से सड़क का हिस्सा भी प्रभावित हुआ है। इसके बाद मार्ग पर यातायात रोकना पड़ा, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
मार्ग बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हुई है। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। वहीं, मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान क्षेत्र में पानी के बहाव की समस्या गंभीर हो जाती है और ऐसे में सड़क तथा कलवर्ट की मजबूती बेहद जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का जल्द निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाए और मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। लोगों ने कहा कि जब तक कलवर्ट का निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं होती, तब तक यातायात सुचारु होना मुश्किल है।
फिलहाल मार्ग बंद होने से क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित है। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगा और यातायात को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाएगा।

