संध कैंची में भीषण सड़क हादसा: 700-800 फीट गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, तीन की मौत, दो घायल

सुंडा से धलोज में शामिल होकर जगोचा लौट रहे थे पांच लोग, पशाडा के पास सुबह पांच बजे हुआ हादसा

रामपुर बुशहर, 16 नवंबर मीनाक्षी

रामपुर उपमंडल के अंतर्गत संध कैंची के समीप पशाडा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ऑल्टो 800 कार अनियंत्रित होकर करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव जगोचा के पांच लोग सुंडा में धलोज कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। सभी लोग ऑल्टो 800 कार (HP-92A-0132) में सवार थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे संध कैंची के पास पशाडा में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में रामा नंद (59), ओम प्रकाश (39) और हमेन्द्र (34), तीनों निवासी गांव जगोचा की मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक राकेश कुमार (38) और रविन्द्र कुमार (34) घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे उपप्रधान रचोली ने पुलिस थाना रामपुर में फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई। थाना प्रभारी रमेश नेगी भी पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और अन्य बचाव दलों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्तियों के शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा था।

पुलिस थाना रामपुर के प्रभारी रमेश नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *