रामपुर बुशहर, 2 अप्रैल मीनाक्षी
एसजेवीएन के रामपुर जलविद्युत स्टेशन (412 मेगावाट) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 2108.034 मिलियन यूनिट का अब तक का सर्वाधिक वार्षिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया है। यह उपलब्धि स्टेशन के 11 वर्षों के संचालन इतिहास में पहली बार है, जब उत्पादन ने 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार किया है।
इससे पहले वर्ष 2019-20 में 2098.03 मिलियन यूनिट का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था, जिसे छह साल बाद पीछे छोड़ दिया गया है। परियोजना ने अपने 1878 मिलियन यूनिट के निर्धारित डिजाइन एनर्जी लक्ष्य को भी तय समय से काफी पहले हासिल कर लिया, जो अब तक की सबसे तेज उपलब्धि मानी जा रही है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार करना टीम की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का प्रमाण है।
निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों की मेहनत और टीम भावना को दिया। वहीं निदेशक (वित्त) पार्थजित डे ने इसे संगठन की मजबूत संचालन क्षमता और देश के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक बताया।
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि यह उपलब्धि कार्यबल के समर्पण, तकनीकी उत्कृष्टता और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि रामपुर एचपीएस भविष्य में भी नए मानक स्थापित करता रहेगा।
रामपुर एचपीएस लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ न केवल उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

