रामपुर बुशहर,15 अगस्त मीनाक्षी
रामपुर जल विद्युत परियोजना में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सीआईएसएफ एवं हिमपैस्को के जवानों ने अनुशासित एवं प्रभावशाली परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
परियोजना प्रमुख ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी स्मरण करवाती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, जो देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।
उन्होंने परियोजना की चार प्रमुख प्राथमिकताओं—सुरक्षा, तकनीक एवं नवाचार, मानव संसाधन एवं जन विकास तथा समुदाय एवं पर्यावरण—पर विशेष बल दिया। उन्होंने Zero Accident एवं Zero Harm के लक्ष्य के साथ सुरक्षा को प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी बताया। साथ ही AI, Predictive Maintenance, Automation एवं Cybersecurity जैसी तकनीकों के माध्यम से रामपुर HPS को तकनीक एवं डेटा आधारित परियोजना बनाने पर जोर दिया।
परियोजना प्रमुख ने कर्मचारियों में निरंतर सीखने, कौशल विकास तथा युवा प्रतिभाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण के साथ पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार एवं सामाजिक रूप से समावेशी विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने बताया कि एसजेवीएन फाउंडेशन के तत्वावधान में रामपुर HPS द्वारा सीएसआर के तहत आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में Fully Auto Bio Chemistry Analyzer मशीन उपलब्ध करवाई गई है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क जांच सुविधा मिलेगी।
‘वंदे मातरम्’ प्रतियोगिता में दिखा देशभक्ति का जज्बा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परियोजना में ‘वंदे मातरम्’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, महिला क्लब सदस्यों एवं सीआईएसएफ कार्मिकों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को अभिव्यक्त किया। समारोह के समापन पर परियोजना प्रमुख ने विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, सीआईएसएफ एवं हिमपैस्को जवानों तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

