रामपुर बुशहर ,12 जून मीनाक्षी
विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास खंड रामपुर में जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य किसानों और बागवानों को प्राकृतिक खेती, विभागीय योजनाओं और नवीन बागवानी तकनीकों के प्रति जागरूक करना था।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान ग्राम पंचायत डंसा, लालसा, शिगला, धार गौरा, बढ़ावली सराहन, ज्यूरी एवं रचोली में शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में किसानों, बागवानों और महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान केंद्र, मशोबरा से आए वैज्ञानिकों ने नवीन अनुसंधान, जैविक समाधान और तकनीकी जानकारी साझा की, जिससे किसानों को उन्नत खेती के नए दृष्टिकोण मिले।
इसके साथ ही उद्यान विभाग रामपुर और कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी भागीदारी करते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान, प्राकृतिक खेती, और मौसम आधारित फसल प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
पूरे अभियान में किसानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, विशेष रूप से महिलाओं की उपस्थिति और जिज्ञासा उल्लेखनीय रही। इस अभियान ने क्षेत्र के किसानों में सतत और नवाचार आधारित खेती के प्रति नया उत्साह भरा है।
उद्यान विकास अधिकारी रामपुर डॉ प्रवीन मेहता ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे ताकि किसानों बागवानो को नई तकनीकों व योजनाओं से निरंतर जोड़ा जा सके।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : किसानों व बागवानों को जानकारी देते हुए।