सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, 15 अगस्त को हुई थी चोरी
रामपुर बुशहर ,20 अगस्त मीनाक्षी
रामपुर के मेन बाजार स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले में सिटी रामपुर पुलिस ने आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सौरव पुत्र दीप बहादुर, निवासी कुल्लू, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को हनुमान मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नकद राशि चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सिटी रामपुर में अभियोग संख्या 81/2026 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद उसे 20 अगस्त को लुधियाना से विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों और लगातार प्रयासों के जरिए उसकी तलाश करते हुए उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

