रामपुर बुशहर 24 अप्रैल योगराज भारद्वाज
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस नृशंस हमले के खिलाफ देशभर में आक्रोश की लहर फैल गई है। हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर में भी इस हमले को लेकर जबरदस्त विरोध देखने को मिला। आज वीरवार को हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के आह्वान पर दोपहर 12 बजे तक शहर के सभी बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए। इस बंद के दौरान रामपुर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आम जनजीवन कुछ समय के लिए थम सा गया।
व्यापार मंडल ने इस बंद को किसी राजनीतिक मकसद से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता और शोक प्रकट करने के लिए रखा था। इसमें सभी समुदायों के लोगों, विशेषकर हिन्दू धर्म के अनुयायियों ने भी एकजुट होकर भाग लिया। बंद को व्यापारियों का पूरा समर्थन मिला और सभी ने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या उपद्रव की खबर नहीं आई।
राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। सुरक्षा बल सतर्क हैं और हर आने-जाने वाले की गहन जांच की जा रही है। इस बंद ने यह संदेश दिया कि आतंक के खिलाफ देश एकजुट है और ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।