सीआईएसएफ में बड़ी बढ़ोतरी: 11,729 नए कांस्टेबल तैनात, परिचालन क्षमता 8% बढ़ी

नई दिल्ली, 15 नवंबर
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सोमवार को 11,729 नए कांस्टेबल/जीडी की तैनाती के साथ बल की परिचालन क्षमता में लगभग 8 प्रतिशत की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। देशभर के छह क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों—बरवाहा (मध्य प्रदेश), देवली (राजस्थान), बेहरोर (राजस्थान), थक्कोलम (तमिलनाडु), भिलाई (छत्तीसगढ़) और मुंडली (ओडिशा)—में पासिंग आउट परेड आयोजित होने के बाद ये जवान विभिन्न परिचालन इकाइयों में शामिल किए गए।

यह विस्तार गृह मंत्रालय द्वारा CISF के लिए स्वीकृत 2.2 लाख कर्मियों की बढ़ी हुई संरचना को मंजूरी देने के बाद हुआ है, जिससे बल की राष्ट्रीय सुरक्षा क्षमता में बड़ा इजाफा माना जा रहा है।

CISF वर्तमान में देश के 360 से अधिक रणनीतिक और संवेदनशील प्रतिष्ठानों—एयरपोर्ट, बंदरगाह, परमाणु संयंत्र, मेट्रो नेटवर्क, इस्पात संयंत्र और अन्य हाई-रिस्क इकाइयों—को सुरक्षा प्रदान करता है। नए जवानों की शामिली से बल इन प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को और मज़बूत कर सकेगा।

इसके अलावा, महिला बलकर्मियों की तैनाती में भी 18 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे विभिन्न परिचालन इकाइयों में जेंडर बैलेंस और बेहतर हुआ है।

नई तैनाती से महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लाभ

CISF की इस क्षमता वृद्धि का सीधा लाभ जेवर एयरपोर्ट, नवी मुंबई एयरपोर्ट, भाखड़ा बांध सहित कई नए और उच्च-महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मिलेगा, जिनकी सुरक्षा में अतिरिक्त मैनपावर की आवश्यकता थी।

रणनीतिक और आवश्यकता-आधारित पोस्टिंग

नई पोस्टिंग इकाइयों के खतरे के स्तर, यात्रियों की आवाजाही, पुरुष-महिला अनुपात, क्षेत्रीय ऑपरेशनल जरूरतों और कर्मियों की तकनीकी योग्यता जैसे मानकों के आधार पर की गई है।

जम्मू-कश्मीर, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों, एयरपोर्ट सुरक्षा और दिल्ली मेट्रो (DMRC) जैसी संवेदनशील इकाइयों में करीब 90 प्रतिशत मैनपावर आवश्यकता इन नई तैनातियों के माध्यम से पूरी की गई है।

CISF अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी हाल के वर्षों में सबसे बड़ा कार्मिक विस्तार है और आने वाले समय में राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *