सतलुज में कूदी महिला को पुलिस ने बचाया, आरक्षी सतपाल की बहादुरी से टली बड़ी अनहोनी

रामपुर बुशहर, 1 अप्रैल मीनाक्षी

रामपुर बुशहर में एक दर्दनाक घटना उस समय टल गई, जब एक महिला ने बजीर बावड़ी पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी। सूचना के अनुसार, थाना पुलिस को खबर मिली कि एक महिला पुल से कूदने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई।

पुलिस टीम के पहुंचने पर महिला सतलुज नदी के किनारे बैठी थी, लेकिन कुछ ही पलों में उसने नदी में छलांग लगा दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मौके पर मौजूद आरक्षी सतपाल (नं. 293) और महिला आरक्षी शीतल (नं. 426) ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

इस दौरान आरक्षी सतपाल ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए खुद सतलुज नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव और जोखिम भरे हालात के बावजूद उन्होंने कड़ी मशक्कत कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और बहादुरी के चलते एक अनमोल जीवन बचाया जा सका।

घटना के बाद महिला को तुरंत उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

आरक्षी सतपाल के इस साहसिक कार्य ने पुलिस विभाग की मानवीय और संवेदनशील छवि को और मजबूत किया है। उनके इस कदम से न केवल एक जान बची, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। इस वीरतापूर्ण कार्य के लिए पूरा पुलिस विभाग गर्व महसूस कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *