खुद कचरा उठाकर डस्टबिन में डालने को किया मजबूर
वायरल वीडियो पर लोगों ने की प्रशासन की तारीफ
मनाली, 6 अप्रैल
हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में एक सैलानी की लापरवाही उस समय भारी पड़ गई, जब उसने सड़क पर कूड़ा फेंक दिया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सबक सिखाया।
जानकारी के अनुसार, पंजाब से आए एक टूरिस्ट ने पिज्जा खाने के बाद उसका खाली डिब्बा अपनी गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया। तभी पीछे से गुजर रहे SDM गुरजीत सिंह चीमा की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाकर सैलानी को बीच सड़क पर ही रोक लिया।
SDM ने सैलानी को कड़ी फटकार लगाते हुए उसे खुद कचरा उठाने और डस्टबिन में डालने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसी हरकत की गई तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग प्रशासन की इस सख्ती की सराहना कर रहे हैं और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जरूरी कदम बता रहे हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन कई लोग साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होती है। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई एक सख्त संदेश मानी जा रही है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।

