नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन को डब्ल्यूएसओ-इंडिया का प्लेटिनम अवार्ड

कार्यस्थल पर सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान

महाप्रबंधक सोनी कुमार ने मुंबई में प्राप्त की 5-स्टार ट्रॉफी और प्रमाणपत्र

रामपुर बुशहर, 14 अक्तूबर मीनाक्षी

एसजेवीएन के देश के सबसे बड़े भूमिगत 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन को वर्ल्ड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएसओ)-इंडिया के ओएचएस एंड ई अवार्ड 2026 के तहत मोस्ट आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस-प्लेटिनम 5-स्टार ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान कार्यस्थल पर सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार के लिए डब्ल्यूएसओ-इंडिया के मूल्यांकनकर्ता ने स्टेशन का स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद संगठन के निर्णायक मंडल ने अंतिम मूल्यांकन के आधार पर स्टेशन को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना।

मुंबई में 13 अक्तूबर को आयोजित डब्ल्यूएसओ-इंडिया के पांचवें राज्य स्तरीय ओएचएस एंड ई पुरस्कार समारोह में एनजेएचपीएस के महाप्रबंधक सोनी कुमार ने स्टेशन की ओर से पुरस्कार प्राप्त किया।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान एनजेएचपीएस की पूरी टीम के निरंतर प्रयासों और सुरक्षा मानकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ व्यावसायिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन उत्कृष्ट प्रदर्शन और नए कीर्तिमान स्थापित करने की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *