झाकड़ी के पास ब्रौनी नाला पर बनेगा 127 करोड़ का पुलदशकों पुरानी मांग हुई पूरी, 305 मीटर लंबा और 52 फुट चौड़ा होगा पुल60 फुट गहरी नींव पर खड़े होंगे 200 फुट ऊंचे पियर, दो साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य


रामपुर बुशहर, 17 अक्टूबर मीनाक्षी
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के झाकड़ी के पास ब्रौनी नाला पर प्रस्तावित पुल के निर्माण को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। केंद्र सरकार के मंत्रालय ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 127 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इससे क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। पुल के निर्माण से ब्रौनी खड्ड के पास बार-बार सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ दूरी भी कम होगी।
लोक निर्माण मंत्री की ओर से विभाग को इस परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विभाग ने निर्माण योजना को मंजूरी दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए। क्षेत्र की विकट भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मंत्रालय की ओर से कई बार आपत्तियां दर्ज की गईं। हालांकि, विभाग ने सभी आपत्तियों का संतोषजनक निवारण करते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद मंत्रालय ने पुल की निर्माण योजना को स्वीकार करते हुए 127 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
305 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा होगा पुल
प्रस्तावित पुल की लंबाई 305 मीटर और चौड़ाई 16 मीटर यानी करीब 52 फुट होगी। पुल पर वाहनों की आवाजाही के लिए 11 मीटर चौड़ा कैरेजवे बनाया जाएगा, जबकि दोनों ओर पांच-पांच फुट चौड़े फुटपाथ का प्रावधान रहेगा। इससे पैदल चलने वाले लोगों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
गहरी नींव पर खड़े होंगे ऊंचे पियर
भौगोलिक परिस्थितियों और निर्माण स्थल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पुल की संरचना को विशेष तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। पुल का भार संभालने के लिए लगभग 60 फुट गहरी नींव बनाई जाएगी। इसके ऊपर करीब 200 फुट ऊंचे पियर खड़े किए जाएंगे। इस तकनीकी संरचना के कारण पुल का निर्माण इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग रामपुर के अधिशासी अभियंता ई. केएल सुमन ने बताया कि ब्रौनी पुल के निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल इंजीनियरिंग का बेहतरीन मॉडल बनेगा। विकट भौगोलिक परिस्थितियों के चलते निर्माण कार्य के लिए दो वर्ष की समयावधि निर्धारित की गई है। पुल के बनने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से पेश आ रही यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *