राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए विधायक नंद लाल, मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

पैतृक गांव देओठी में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित कई मंत्रियों और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रामपुर बुशहर, 4 नवंबर मीनाक्षी

सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे नंद लाल बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अपने पैतृक गांव देओठी में पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों, कांग्रेस नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने देओठी पहुंचकर दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल कांग्रेस पार्टी के समर्पित सिपाही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने रामपुर क्षेत्र के लोगों के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य किया। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नंद लाल बेहद सरल, विनम्र और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। विधानसभा में वह हमेशा गरिमा, मर्यादा और तार्किक ढंग से जनहित के मुद्दे उठाते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक खो दिया है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान की भरपाई संभव नहीं है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और हरीश जनारथा, हिमकॉन अध्यक्ष विकेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *