रामपुर जल विद्युत स्टेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
“सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के तहत 1 नवंबर तक होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का किया आह्वान
रामपुर बुशहर, 26 अक्टूबर मीनाक्षी
रामपुर जल विद्युत स्टेशन में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस वर्ष सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) रखी गई है। इसके तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने अपने कार्यों में ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इसके बाद कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों के लिए सतर्कता जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सतर्कता संबंधी नीतियों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी बढ़ाने के साथ कर्मचारियों को नैतिक आचरण और सुशासन के प्रति प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी संगठन के सुचारु संचालन के मूलभूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली संगठन की प्रगति एवं समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और निष्पक्षता से करने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने तथा दैनिक कार्यों में उच्च नैतिक मानकों को अपनाने का आह्वान किया।
सप्ताह के तहत कर्मचारियों के लिए सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों, निवारक सतर्कता, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कर्मचारियों को भ्रष्टाचार की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाने तथा कार्यस्थल पर ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
रामपुर जल विद्युत स्टेशन में सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के माध्यम से सत्यनिष्ठा एवं सुशासन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। इन आयोजनों के जरिए संगठन ने भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

