नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
वॉकथॉन के जरिए ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का दिया संदेश
रामपुर बुशहर, 26 अक्टूबर मीनाक्षी
एसजेवीएन के 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई है।
सप्ताह का शुभारंभ परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर किया। इस दौरान सभी ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रशासनिक भवन से मेमोरियल तक वॉकथॉन का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से कर्मचारियों को सतर्कता, नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कर्मचारियों से अपने कार्यों में उच्च नैतिक मानकों का पालन करने और निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को बेहतर कार्यसंस्कृति और संगठन की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और महिलाओं को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करना और दैनिक जीवन के साथ-साथ कार्यस्थल पर भी ईमानदारी एवं जवाबदेही की भावना को प्रोत्साहित करना है। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में आयोजित यह अभियान भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और सुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।

