अगले साल से बागवानों को मिल सकती है उन्नत किस्मों की पौध, उच्च घनत्व वाली बागवानी को मिलेगा बढ़ावा
शिमला, 28 नवम्बर मीनाक्षी
हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन को आधुनिक तकनीक से नई दिशा देने के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य में 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सेब उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में न्यूजीलैंड की आधुनिक तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाली और रोगमुक्त सेब की पौध तैयार की जाएगी। सरकार का लक्ष्य आगामी वर्ष से ही प्रदेश के बागवानों को उन्नत किस्मों की पौध उपलब्ध करवाना है।
शुक्रवार को बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। इसमें उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना, आधुनिक बागवानी तकनीक के हस्तांतरण और प्रदेश के बागवानों को इसका लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यह परियोजना केंद्र सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना के तहत स्थापित की जाएगी। इसके लिए 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।
उत्कृष्टता केंद्र में रूटस्टॉक पर आधारित रोगमुक्त सेब की पौध तैयार करने के साथ नई और उन्नत किस्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। बदलती जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उच्च घनत्व वाली बागवानी को बढ़ावा देना परियोजना का प्रमुख उद्देश्य रहेगा। इसके माध्यम से बागवानों को आधुनिक तकनीक से बगीचे लगाने, पौधों का उचित प्रबंधन करने और उत्पादन बढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस केंद्र की विशेषता यह होगी कि यहां हिमाचल के अलावा अन्य राज्यों के बागवानों को भी प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। परियोजना के तहत केंद्र सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाएगी, जबकि न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ तकनीकी हस्तांतरण और प्रबंधन में मार्गदर्शन करेंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग केंद्र के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन और स्टाफ उपलब्ध करवाएगा।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस परियोजना से प्रदेश में सेब की नर्सरी व्यवस्था को आधुनिक बनाने, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने और बागवानों को नई तकनीक से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।

