कठिन पहाड़ी रास्तों पर चालक और परिचालक के रूप में निभा रहीं जिम्मेदारी
शिमला ,18 अगस्त मीनाक्षी
शिमला हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) में सीमा ठाकुर चालक और मीनू शर्मा परिचालक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर नारी शक्ति की मिसाल पेश कर रही हैं। पहाड़ों की कठिन और चुनौतीपूर्ण सड़कों पर दोनों कर्मी पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने में योगदान दे रही हैं।
सीमा ठाकुर वाहन चलाने की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, जबकि मीनू शर्मा परिचालक के रूप में यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था का ध्यान रखती हैं। दोनों की कार्यशैली यह संदेश देती है कि मेहनत, साहस और जिम्मेदारी के साथ महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन संचालन आसान नहीं होता। संकरे मार्गों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच HRTC की सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में चालक और परिचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
सीमा ठाकुर और मीनू शर्मा का समर्पण न केवल HRTC की सेवा भावना को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी मेहनत और जिम्मेदारी को स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है।

