एक माह से यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई ननखड़ी से टूटू पानी सुंगरी सडक़, लोगों को रोहड़ू पहुंचने के लिए वाया नारकंडा होकर करना पड़ रहा सफर

रामपुर बुशहर, 29 जनवरी मीनाक्षी

रामपुर के ननखडी को रोहड़ू क्षेत्र से जोडऩे वाली ननखड़ी- टूट पानी सुंगरी सडक़ एक माह बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है। उक्त मार्ग पर हुई भारी बर्फबारी के कारण ननखड़ी और रोहड़ू क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को आवाजाही करने में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीण अतिरिक्त सफर करने के साथ साथ आर्थिक मार झेलने को मजबूर हैं।

क्षेत्र के शमशेर ठाकुर, राजेश ठाकुर, महेंद्र सिंह मेहता, अखिल, प्रदीप कुमार, नितेश रंता, अक्षित, कंपा ठाकुर, मीना, रोहिना सहित अन्य लोगों का कहना है की ननखड़ी से बाघी को जोडऩे वाली सडक़ एक माह से बंद पड़ी है। इस मार्ग से रोहड़ू, ननखड़ी, टूटू, सुंगरी, बाघी, खदराला और रतनाड़ी क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। मार्ग बाधित होने के कारण इस रूट पर निगम की बस सेवाएं नहीं चल पा रही हैं। ऐसे में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को आवाजाही करना परेशानियों भरा बना हुआ है। 

ननखड़ी क्षेत्र के लोगों को रोहड़ू जाने के लिए करीब 45 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। इससे जहां लोगों को सफर तय करने में अतिरिक्त समय लग रहा है, वहीं यात्रियों में पर आर्थिक मार भी बढ़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक दो दिन मौसम खराब रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को अभी मार्ग बहाल होने के लिए और इंतजार करना होगा। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर छेड़ रखा है, लेकिन भारी बर्फबारी से निपटना विभाग के लिए भी चुनौती बना हुआ है। लोगों लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द मार्ग बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें न हों।

मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए दो मशीनें और मजदूर तैनात किए गए हैं। जल्द ही मार्ग बहाल कर लोगों को राहत दी जाएगी।

संजय शर्मा

एसडीओ लोक निर्माण विभाग ननखड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *