आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

रामपुर बुशहर,5 नवम्बर मीनाक्षी 

 डीएवी पब्लिक स्कूल, रामपुर- बुशैहर में आपदा प्रबंधन समिति एवं अग्निशमन विभाग रामपुर के अधिकारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आग लगने के कारणों और आग के विभिन्न प्रकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आग बुझाने के सही तरीकों और अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित उपयोग को समझाया। बिजली से लगी आग पर पानी न डालने तथा आग लगने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी।

इसके बाद अधिकारियों ने भूकंप से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने समझाया कि विद्यालय में भूकंप आने पर विद्यार्थियों को शांत रहना चाहिए, मजबूत मेज के नीचे छिपकर सिर को सुरक्षित रखना चाहिए और झटके रुकने के बाद शिक्षकों के निर्देशों का पालन करना चाहिए। घर में भूकंप आने पर खिड़कियों और भारी वस्तुओं से दूर रहना चाहिए तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए।

अधिकारियों ने बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने आपदा के समय सतर्क रहने, घबराने से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया  डाॅ. वर्षा सूद जी ने कंपनी कमांडर आपदा प्रबंधन विभाग रामपुर एवं उनकी पूरी टीम का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम केवल जानकारी प्रदान करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की विषम परिस्थितियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार भी करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें स्वयं भी सतर्क रहना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करनी चाहिए।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे उनमें आपदा प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी। विद्यालय प्रशासन ने अधिकारियों के बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर : जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेते हुए स्कूली छात्र।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *