मेला मैदान और राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर लगने वाली दुकानों के लिए इच्छुक प्रतिभागी ले सकेंगे भाग
रामपुर बुशहर, 5 नवंबर मीनाक्षी
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की तैयारियों के तहत मेला मैदान और राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर प्लॉट आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया 6 से 10 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति ने प्रक्रिया निर्धारित कर दी है।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि लवी मेला मैदान रामपुर में प्लॉट आवंटन की जिम्मेदारी तहसीलदार रामपुर को सौंपी गई है, जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया तहसीलदार ननखड़ी की देखरेख में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि नीलामी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों की अध्यक्षता में कमेटियों का गठन भी किया गया है। इच्छुक व्यापारी एवं प्रतिभागी निर्धारित तिथियों के दौरान नीलामी में भाग लेकर प्लॉट आवंटित करवा सकते हैं।
प्रशासन ने इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित अवधि में नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है, ताकि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान व्यापारिक गतिविधियों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

