ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने को एसजेवीएन ने आयोजित की निबंध लेखन प्रतियोगिता

रामपुर एचपीएस ने स्कूली विद्यार्थियों को किया सम्मानित, परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने घरेलू ऊर्जा बचत अपनाने का किया आह्वान

रामपुर बुशहर। वर्ष 2026 में भारत द्वारा ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता किए जाने के तहत देशभर में 1 से 7 नवंबर तक सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया गया। इसी कड़ी में विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार एसजेवीएन की रामपुर जल विद्युत परियोजना (रामपुर एचपीएस) की ओर से ऊर्जा संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान परियोजना के विभिन्न कार्यालयों में ऊर्जा संरक्षण के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। वहीं, परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए घरेलू ऊर्जा बचत विषय पर अलग-अलग श्रेणियों में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बायल, राजकीय उच्च विद्यालय कोयल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में बायल स्कूल की रान्या, अजय, तन्मय, पल्लवी और वियांन, कोयल स्कूल की कंचन, आशु, सेजल, परणीत और आरती तथा दत्तनगर स्कूल की वेदिका, आरुषि चौहान, प्रीति ठाकुर, आयुष कुमार सोनी, पायल दत्ता और धैर्य श्याम ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किए।

विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए 10 नवंबर को रामपुर एचपीएस के बायल स्थित सम्मेलन कक्ष में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें परियोजना प्रमुख विकास मारवाह सहित विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने सभी प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को घरेलू स्तर पर बिजली की बचत के उपाय अपनाने और समाज में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *