कुल्लू के सिंदूरी अनार की दुबई तक पहुँची मिठास, 1.3 मीट्रिक टन अनार का निर्यात

हिमाचल के बागवानों की उपज को वैश्विक बाजार में मिली नई पहचान

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

शिमला,22 अक्टूबर मीनाक्षी

हिमाचल प्रदेश के बागवानों के लिए अच्छी खबर है। कुल्लू जिले में पैदा होने वाले सिंदूरी अनार की मिठास अब दुबई तक पहुँच गई है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के सहयोग से कुल्लू से दुबई तक 1.3 मीट्रिक टन सिंदूरी अनार का निर्यात किया गया है। इससे हिमाचल प्रदेश की बागवानी उपज को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिली है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने हिमाचल के किसानों की उपज के वैश्विक बाजारों तक पहुँचने को भारतीय कृषि निर्यात की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया।

स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की इस पहल से प्रदेश के बागवानों के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है। इससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर बाजार और उचित दाम मिलने की संभावनाएँ बढ़ सकती हैं। साथ ही, हिमाचल के पारंपरिक कृषि एवं बागवानी उत्पादों को देश-विदेश में पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।

कुल्लू के सिंदूरी अनार का दुबई तक पहुँचना प्रदेश की बागवानी क्षमता और स्थानीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में संभावनाओं को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *