दिवाली से पहले पेंशनर्स की देनदारियां जारी करे सरकार, नहीं तो धर्मशाला में होगी विशाल आक्रोश रैली

टुटू ब्लॉक पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में सरकार के खिलाफ रोष, जनजागरण अभियान तेज करने का ऐलान

शिमला, 23 अक्टूबर मीनाक्षी

पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ब्लॉक टुटू की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को कोहबाग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैलाश वर्मा ने की, जबकि हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में पेंशनर्स की लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई गई और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।

भूप राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों में पेंशनर्स को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पेंशनर्स की सभी लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं हो जाता।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स की लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन तथा 15 प्रतिशत डीए/डीआर की अदायगी अब तक नहीं की है, जबकि इसके बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को उनकी देनदारियों का भुगतान किया जा रहा है।

वर्मा ने दावा किया कि इस अवधि के दौरान 800 से अधिक पेंशनर्स का निधन हो चुका है। उनके अनुसार, दिवंगत पेंशनर्स के परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनजागरण अभियान को और तेज किया जाएगा। यदि दिवाली से पहले पेंशनर्स की सभी लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं किया गया, तो आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला के तपोवन में विशाल आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश वर्मा ने कहा कि टुटू ब्लॉक के अंतर्गत घणाहट्टी, धामी, जाटिया देवी और पनेश में भी बैठकें आयोजित कर पेंशनर्स को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर ओम प्रकाश कौशल, ओपी चौहान, मस्त राम पंवर, गंगा राम शर्मा, बुद्धि राम जस्ता, मोहन ठाकुर और मशोबरा ब्लॉक के अध्यक्ष रतन वर्मा ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कुल 57 पेंशनर्स ने भाग लिया।

— लायक राम शर्मा, प्रेस सचिव, हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *