सेब बगीचे के बीच अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की हत्या, रोहड़ू में सनसनी

चोरी की आशंका, शरीर पर चोट के निशान; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

रोहड़ू , 17 जून मीनाक्षी 

शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सेब के बगीचे के बीच बने घर में अकेली रह रही महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चोरी की आशंका भी जताई जा रही है।

मृतका की पहचान गीता देवी जनारथा के रूप में हुई है। उनके पति का वर्ष 2020 में निधन हो चुका था। इसके बाद से वह अपने सेब के बगीचे के बीच स्थित मकान में अकेली रह रही थीं। उनके दोनों बेटे अपने-अपने परिवारों के साथ बाहर रहते हैं।

बुधवार सुबह बगीचे में कार्यरत नेपाली मूल के मजदूर जब महिला के घर पहुंचे और आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर जब उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा तो महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई थीं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घर से सामान गायब होने की जानकारी सामने आई है। वहीं मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या के पीछे चोरी या लूटपाट की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *