परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
रामपुर बुशहर, 17 सितंबर, मीनाक्षी
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 आयोजित किया जा रहा है। पखवाड़े की शुरुआत परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर की।
शपथ के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने, आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रत्येक वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल बाहरी साफ-सफाई नहीं है, बल्कि शारीरिक स्वच्छता के साथ स्वभाव और संस्कार की स्वच्छता को भी जीवन में अपनाना जरूरी है। उन्होंने सभी से पर्यावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
पखवाड़े के दौरान रामपुर एचपीएस के परियोजना परिसर और परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता जागरूकता अभियान, सफाई कार्यक्रम, पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शन तथा स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी व कर्मचारी

