हिमाचल-हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 24 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्रीप्रेमी ने शिक्षिका की हत्या कर शव जंगल में जलाया, आरोपी गिरफ्तार


हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में कोलर और धौलाकुआं के बीच सुखचेनपुर के जंगलों में मिले अधजले शव की गुत्थी को हिमाचल और हरियाणा पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया। जांच में मृतका की पहचान हरियाणा निवासी 32 वर्षीय अमनदीप के रूप में हुई, जो पेशे से शिक्षिका थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके प्रेमी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नवीन और अमनदीप पिछले पांच-छह वर्षों से रिश्ते में थे। आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उसने हरियाणा के बराड़ा स्थित एक किराए के कमरे में अमनदीप को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को बोरे में भरकर बाहर निकाला और कार के जरिए हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले तक ले आया।
आरोपी ने नेशनल हाईवे के समीप जंगल में शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि पहचान और सबूत दोनों मिटाए जा सकें। हालांकि पुलिस की सतर्कता और दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल ने आरोपी की साजिश को ज्यादा देर तक छिपने नहीं दिया।
एक ओर जहां हिमाचल पुलिस जंगल में मिले शव की पहचान में जुटी थी, वहीं दूसरी ओर हरियाणा पुलिस गुमशुदगी के मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। जांच के दौरान दोनों राज्यों की पुलिस के बीच साझा की गई जानकारी से मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। इसके बाद वीरवार देर रात आरोपी नवीन को सिरमौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज नाहन में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *