एलएचईपी-1 में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया

रामपुर बुशहर,26 जनवरी मीनाक्षी 

एलएचईपी-1 ने 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। इस पावन अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन एलएचईपी-1, बायल के प्रशासनिक भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख  विवेक शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्र के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने एलएचईपी-1 परिवार के समस्त सदस्यों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ, जहाँ शासन व्यवस्था जनता द्वारा, जनता के लिए और जनता के हित में संचालित होती है। उन्होंने संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कर्तव्य, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व जैसी लोकतंत्र की मूल भावनाओं पर बल दिया।

 शर्मा ने एलएचईपी-1 के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संगठन के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सार्वजनिक उपक्रमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और एलएचईपी-1 इस दिशा में निरंतर सक्रिय योगदान दे रहा है।

गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत अंतर-विभागीय तिरंगा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की टीमों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, कर्मचारियों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी, संविदा कर्मी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *