कुमारसैन,28 फरवरी मीनाक्षी
Himachal Pradesh की हसीन वादियों में सैर करने आए Chandigarh के एक दंपति की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। खुशियों से भरी उनकी यात्रा पलभर में मातम में बदल गई। हादसा Kumarsain क्षेत्र के जब्बलपुर के पास शनिवार सुबह हुआ।
जानकारी के अनुसार दंपति अपनी थार गाड़ी में सफर कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जाबल नाले में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी और तुरंत मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने देखा कि चालक अंकुर राजपाल वाहन से बाहर छिटक चुका था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं उसकी पत्नी अपराजिता सीट बेल्ट में फंसी गंभीर अवस्था में वाहन के भीतर पाई गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए पहले कोटगढ़ अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे Indira Gandhi Medical College (आईजीएमसी) शिमला रेफर किया गया, लेकिन ठियोग के पास रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

