करालघाट में दो शव मिलने से सनसनी, युवक पेड़ से लटका मिला, युवती की संदिग्ध हालत में मौत

सोलन,17 मार्च 

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के करालघाट क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सूर देवता मंदिर के पास एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि कुछ दूरी पर युवती की डेडबॉडी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू भेज दिया।

मृतकों की पहचान करण (21) पुत्र लायक राम निवासी गांव पदग्यानी, कुमारहट्टी (सोलन) और याशिका लामा (20) पुत्री राजू गौतम निवासी बुष विहार देओंघाट (मूल निवासी नेपाल) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे एक व्यक्ति जब करालघाट देवता मंदिर के पास से गुजर रहा था, तो उसने पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। थोड़ी दूरी पर उसे युवती भी संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली, जिसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। उसने तुरंत इसकी सूचना भोजनगर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। जांच के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और युवक शादी करना चाहता था, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों बाइक पर घूमने भोजनगर क्षेत्र आए थे।

करण कंप्यूटर कोर्स कर रहा था, जबकि याशिका ब्यूटीशियन का कोर्स कर रही थी।

एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या व हत्या दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से अहम सबूत जुटाए गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *