रामपुर बुशहर,20 मार्च मीनाक्षी
शिमला पुलिस द्वारा नशे की डिमांड साइड स्ट्रेटजी को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से आम जनमानस के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सराहन के अंतर्गत एसडीपीओ रामपुर नरेश शर्मा की अध्यक्षता में पंचायत स्तर नशा निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पंचायत किन्नू, शाहधार, सराहन व बौण्डा के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों को मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) तथा PIT NDPS Act के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कानून के तहत नशे से जुड़े अपराधों के लिए निर्धारित सख्त सजा और कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया। इसके साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ सके।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि पंचायत स्तर पर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा, क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी और रोकथाम के उपाय लागू किए जाएंगे। पुलिस विभाग द्वारा ऐसे स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की योजना भी बनाई गई है।
स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों और पुलिस गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने अपने-अपने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि आने वाले समय में अन्य पुलिस उपमंडलों में भी पंचायत स्तर पर नशा निवारण समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जा सके।

