1 अगस्त से खुलेगा शिपकीला-चीन सीमा व्यापार, तैयारियों में जुटा प्रशासन

30 नवंबर तक चलेगा व्यापार, उपायुक्त ने ट्रेड मार्ट जल्द पूरा करने और विभागों के बेहतर समन्वय के दिए निर्देश

रिकांगपिओ, 14 जुलाई मीनाक्षी

करीब चार माह तक चलने वाले शिपकीला-चीन सीमा व्यापार को लेकर किन्नौर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि शिपकीला के माध्यम से सीमा व्यापार 1 अगस्त से शुरू होकर 30 नवंबर तक संचालित होगा।

बैठक में उपायुक्त ने तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी, जिन्हें ट्रेड अधिकारी नियुक्त किया गया है, को स्थानीय व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर यात्रा एवं व्यापार संबंधी सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापार प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने छुप्पन ट्रेड मार्ट का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे सीमा पार आयात-निर्यात की निर्धारित वस्तुओं के आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर को विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, सेना, कस्टम विभाग तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि व्यापार संचालन के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।

उपायुक्त ने आईबी, राज्य पुलिस, कस्टम विभाग और आईटीबीपी को भी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में शिपकीला-चीन सीमा व्यापार की व्यवस्थाओं और वस्तु विनिमय प्रणाली को सुचारू बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक उमेश्वर राणा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक गुरु लाल नेगी, तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *