राजकीय आईटीआई रामपुर बुशहर में 14 से 24 जुलाई तक कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, कई नामी कंपनियां करेंगी भर्ती

रामपुर सहित पांच आईटीआई के प्रशिक्षुओं को साक्षात्कार में भाग लेने का अवसर, सुबह 9:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा

रामपुर बुशहर, 13 जुलाई मीनाक्षी 

 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रामपुर बुशहर में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा कैंपस इंटरव्यू एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में संस्थान की ओर से राजकीय आईटीआई निरमंड, देलठ, खड़ाहन, कुमारसैन और नैनीधार के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर पात्र प्रशिक्षुओं को प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लेने के लिए सूचित करने का आग्रह किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को उत्तम इलेक्ट्रिकल्स एवं एचआईएम आईटी सर्विसेज, 16 जुलाई को माइक्रो सीमलेस प्लांट, बरोटीवाला (बद्दी), 21 जुलाई को मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, गुजरात तथा 23 और 24 जुलाई को औरो टेक्सटाइल्स (वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड, बद्दी की इकाई) द्वारा भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

सभी अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक संस्थान में उपस्थित होना होगा। उन्हें अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा।

आईटीआई रामपुर प्रशासन ने पात्र प्रशिक्षुओं से इस अवसर का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *