देवता साहिब डंसा काणा और देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर महादेव का आशीर्वाद लेकर सड़क निर्माण व क्षेत्र के सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी
रामपुर बुशहर, 8 जुलाई।
देवठी बाहलीधार क्षेत्र में आज धार्मिक आस्था और परंपरा का विशेष आयोजन होगा। देवता साहिब डंसा काणा एवं देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर महादेव, देवठी बाहलीधार की दोनों देव शक्तियां स्वयं उपस्थित होकर देवठी बाहलीधार से वाया लालसा–डंसा होते हुए रामपुर जाने वाले सड़क मार्ग का विधि-विधान के साथ पूजन करेंगी।
इस अवसर पर देव परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर सड़क मार्ग के सफल निर्माण, सुरक्षित संचालन तथा क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि और विकास की कामना की जाएगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि देव कृपा से यह सड़क क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास का भी माध्यम बनेगी।
आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। स्थानीय देव संस्कृति के अनुसार ऐसे आयोजनों को जनकल्याण और क्षेत्र की उन्नति के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
जय देवता साहिब डंसा काणा।
जय देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर महादेव।

