किन्नौर कैलाश यात्रा की अवधि बढ़ी, अब 15 अगस्त तक होंगे दर्शन

11 से 14 अगस्त की यात्रा के लिए 9 अगस्त को खुलेगा ऑनलाइन पंजीकरण, दोपहर 2 बजे पोर्टल होगा लाइव

रिकांगपिओ, 8 अगस्त

खराब मौसम के चलते पिछले दो दिनों से बाधित चल रही किन्नौर कैलाश यात्रा को लेकर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। प्रशासन ने यात्रा की अवधि बढ़ाकर अब 15 अगस्त 2026 तक कर दी है। इसी दिन यात्रा का आधिकारिक रूप से समापन किया जाएगा।
यात्रा की अवधि बढ़ाए जाने के बाद प्रशासन ने 11 से 14 अगस्त 2026 तक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की नई विंडो खोलने का निर्णय लिया है। इसके लिए पंजीकरण पोर्टल 9 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे लाइव किया जाएगा। इच्छुक श्रद्धालु जिला किन्नौर की आधिकारिक वेबसाइट hpkinnaur.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम और मार्गों के अवरुद्ध होने की संभावनाओं को देखते हुए यात्रा की योजना बनाते समय एक से दो दिन अतिरिक्त का समय लेकर चलें। उन्होंने कहा कि तांगलिंग से मलिंग खट्टा और मलिंग खट्टा से कैलाश मार्ग तक यात्रा के दौरान मौसम खराब होने या किसी भी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
सुरक्षा कर्मियों से असहयोग पड़ा भारी तो रद्द होगा पंजीकरण
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना अथवा सुरक्षा कर्मियों के साथ असहयोग करने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण तत्काल रद्द कर दिया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें और प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किन्नौर कैलाश यात्रा सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *