नोगली स्कूल में विद्यार्थियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन का पाठ

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एसडब्ल्यूएम नियमों, कचरा पृथक्करण और जल संरक्षण पर हुआ संवाद

रामपुर बुशहर, 19 सितंबर मीनाक्षी

विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोगली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, तरल अपशिष्ट प्रबंधन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में आयोजित संवादात्मक वार्ता में नगर परिषद रामपुर बुशहर की तीन सदस्यीय टीम ने विद्यार्थियों को एसडब्ल्यूएम नियम, 2026 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। पैम्फलेट और पोस्टरों के माध्यम से बच्चों को स्रोत स्तर पर कचरे के चार-स्तरीय पृथक्करण तथा उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जैविक और पुनर्चक्रण योग्य कचरे को अलग रखने, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा अवशिष्ट कचरे के उचित निस्तारण के बारे में बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि एसडब्ल्यूएम नियम, 2026 का उद्देश्य कचरे को केवल समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे संसाधन के तौर पर प्रबंधित करना है। उन्होंने कहा कि स्रोत पर कचरे का सही पृथक्करण, जैविक कचरे का वैज्ञानिक उपचार और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री की रिकवरी प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार व्यवहार और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की संस्कृति है। जल का विवेकपूर्ण उपयोग, कचरे का उचित पृथक्करण और पुनर्चक्रण को अपनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने में हर व्यक्ति योगदान दे सकता है।

कार्यक्रम में नगर परिषद रामपुर बुशहर से मनीष ठाकुर सहित टीम, विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश भलूनी, शिक्षकगण तथा रामपुर एचपीएस के सीएसआर प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *