दत्तनगर में स्वच्छता लक्षित इकाई-1 पर चला गहन सफाई अभियान

ब्लैक स्पॉट से हटाया कचरा, महिला मंडल को जूट के थैले बांटकर प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का संदेश

रामपुर बुशहर, 20 सितंबर मीनाक्षी 

स्वच्छता ही सेवा  अभियान-2026 के तहत रामपुर एचपीएस की ओर से दत्तनगर बाजार और बस स्टैंड के समीप एनएच-5 पर चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाई-1 में गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गतिविधि 19 सितंबर को आयोजित की गई।

ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख रामपुर एचपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान कचरा संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण स्थानों की विशेष सफाई की गई। चिन्हित ब्लैक स्पॉट से कचरा हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

अभियान में महिला मंडल दत्तनगर की सदस्यों और सम्भव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट दत्तनगर ने सहयोग किया। महिला मंडल की सदस्यों ने सक्रिय रूप से सफाई अभियान में भाग लिया। एकत्रित कचरे को कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए निर्धारित कचरा प्रबंधन स्थल तक पहुंचाया गया।

अभियान के बाद एकल-उपयोग प्लास्टिक (एसयूपी) के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए महिला मंडल की सदस्यों को जूट के थैले वितरित किए गए। इस दौरान पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने स्थानीय लोगों से सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और सड़क किनारे कचरा न फैलाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता लक्षित इकाइयों को निरंतर स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाए रखने में स्थानीय समुदाय की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर : स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए परियोजना के कर्मचारी व महिलाएं।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *